दो-दो मुख्यमंत्री को जेल भिजवाने वाले सरयू राय ने भाजपा को किया अलविदा, रघुवर दास का क्या होगा ?
रांची से शाहनवाज़ हसन, 17 नवंबर 2019. भाजपा आलाकमान के रवैये से खिन्न होकर झारखण्ड भाजपा में मुख्यमंत्री का चेहरा रहे पूर्व मंत्री सरयू राय (Former minister Saryu Rai as the face of Chief Minister in Jharkhand BJP) ने भाजपा को अलविदा कह दिया है।
ज्ञात हो कि झारखण्ड सरकार में मंत्री रहे सरयू राय के टिकट को लेकर लगातार उन्हें भाजपा शीर्ष नेतृत्व द्वारा इंतज़ार करने के लिये कहा जा रहा था, पार्टी की ओर से जारी 4 सूचियों में उन्हें शामिल नहीं किया गया।
कल जमशेदपुर में अपने समर्थकों के साथ बैठक कर भाजपा से चुनाव नहीं लड़ने का निर्णय लिया था, आज सुबह उन्होंने भाजपा को हमेशा के लिये अलविदा कह दिया है।
सरयू राय अब मुख्यमंत्री रघुवर दास एवं जमशेदपुर पश्चिम से कांग्रेस के पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता के विरुद्ध कल नामांकन करेंगे।
आज जमशेदपुर आवास पर उन्होंने कहा है कि मैं जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा से मुख्यमंत्री रघुवर दास के विरुद्ध चुनाव लड़ेंगे वहीं जमशेदपुर पश्चिम से मेरे कार्यकर्ता चुनाव लड़ेंगे।
जमशेदपुर के दोनों शहरी विधानसभा सीट पर अब देश भर की निगाहें टिकी रहेंगी। भाजपा की ओर से स्टार प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं गृहमंत्री अमित शाह होंगे वहीं दूसरी ओर सरयू राय होंगे जिन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में भाजपा का चेहरा एवं अपना मित्र कह कर संबोधित किया था।