अखिलेश यादव का आरोप, बसपा के उम्मीदवारों का भाजपा करती है चयन

hastakshep
13 Mar 2023
अखिलेश यादव का आरोप, बसपा के उम्मीदवारों का भाजपा करती है चयन

akhilesh yadav in sitapur

लखनऊ, 13 मार्च 2023. उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया है कि सपा प्रत्याशियों की जीत को रोकने के लिए बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के उम्मीदवारों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यालय में फाइनल किया जाता है।

सपा मुखिया ने कहा कि, बसपा बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर और उसके संस्थापक कांशीराम के रास्ते से भटक गई है। बसपा ने भाजपा के साथ सांठगांठ की है और उसकी बी-टीम के रूप में काम करती है। पिछले विधानसभा चुनावों में, भाजपा कार्यालय ने बसपा के उम्मीदवारों को अंतिम रूप दिया। बसपा के उम्मीदवार जीत के लिए नहीं, बल्कि सपा के उम्मीदवारों को जीतने से रोकने के लिए मैदान में उतारे गए थे।

श्री यादव सीतापुर में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष महेन्द्र वर्मा की प्रथम पुण्यतिथि पर महमूदाबाद में उनकी प्रतिमा के अनावरण के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।

सपा अध्यक्ष ने दावा किया कि विपक्षी दलों को बदनाम करने के लिए छापेमारी की जा रही है, क्योंकि वे सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ मजबूती से खड़े हैं। उन्होंने कहा कि सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग की ओर से सभी छापेमारी राजनीतिक मंशा से विपक्षी नेताओं के यहां की जा रही है।

उन्होंने कहा, लेकिन जनता जागरूक है और समझती है कि सभी छापे आगामी लोकसभा चुनावों से प्रेरित हैं।

अखिलेश यादव ने कहा कि कन्नौज में एक इत्र व्यवसायी के यहां छापेमारी से यह दुष्प्रचार हुआ कि समाजवादी इत्र बनाने वाले व्यापारी के पास पैसा मिला है। लेकिन जब सच्चाई सामने आई तो पता चला कि व्यापारी भाजपा से जुड़ा था। भाजपा जांच एजेंसियों को चुनाव से पहले इस तरह के छापे मारने को कहती है और जो सीबीआई, ईडी और आयकर विभाग द्वारा दागी पाए जाते हैं, वे भाजपा में शामिल हो जाते हैं, उसके बाद उनके ठिकानों पर छापेमारी नहीं की जाती है।

श्री यादव ने राज्य की भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए पूछा कि क्या वह उस आईपीएस अधिकारी के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई करेगी, जिसका व्यवसायी से पैसे मांगने का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर आया था।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि मंहगाई, बेरोजगारी चरम पर है, लोगों के साथ अन्याय हो रहा है। भाजपा ने किसानों की आय दोगुना करने का झूठा वादा किया। आज आलू किसान परेशान है। कोल्ड स्टोरेज के सामने लम्बी-लम्बी लाइनें लगी हुई है। बाराबंकी, कन्नौज, फर्रुखाबाद, बदायूं, आगरा सभी जिलों का यही हाल है। भाजपा सरकार ने किसानों का आलू नहीं खरीदा।

श्री यादव ने कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में यही किसान और नौजवान भाजपा को हरायेंगे। लोकसभा चुनाव समाजवादी पार्टी अपने गठबन्धन के सभी सहयोगियों के साथ मिलकर लड़ेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान और कानून को नहीं मानती है आज उत्तर प्रदेश में जितने भी गैर कानूनी निर्माण हो रहे है वो सभी भाजपा नेताओं के है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री दौरे पर जाते हैं तो माफिया उनका स्वागत करते हैं। मुख्यमंत्री ने खुद अपने केस वापस लिए और उप मुख्यमंत्री के भी केस वापस लिए। इसी लिए सरकार प्रदेश के टाप हन्ड्रेड माफियाओं की सूची नहीं जारी कर रही है।

श्री यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी लगातार मांग कर रही है कि भाजपा सरकार प्रदेश के टॉप टेन या टॉप हन्ड्रेड माफियाओं की सूची जारी करें।

राहुल पर आई 2024 की जंग | कांग्रेस | बीजेपी | ताज़ा खबर | इंडिया न्यूज | hastakshep | हस्तक्षेप

Akhilesh Yadav alleges BJP selects BSP candidates

अगला आर्टिकल