/hastakshep-prod/media/post_banners/EiPG6lYZ2LXFlNqpeK2Y.jpg)
52 Years Of Anand: राजेश खन्ना अभिनीत फिल्म आनंद की समीक्षा
“आनन्द” 1971 में बनी हिन्दी भाषा की फीचर फिल्म है। फ़िल्म आनंद के निर्माता, निर्देशक, लेखक एवं संपादक ऋषिकेश मुखर्जी हैं। फ़िल्म आनंद के मुख्य कलाकार राजेश खन्ना एवं अमिताभ बच्चन हैं। फ़िल्म आनंद को राष्ट्रीय फ़िल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ फ़िल्म के अलावा फ़िल्मफ़ेयर पुरस्कारों में छः श्रेणियों में पुरस्कृत किया गया था...
अजय चन्द्रवंशी
मृत्यु अवश्यंभावी है, मगर मनुष्य की जिजीविषा भी अनंत है। जीवन से मोह, दुनिया से आसक्ति उसे कर्मरत रहने को प्रेरित करती है। यों अनासक्त कर्म की भी बात की जाती है, क्योंकि कई बार मोह जकड़न का काम करती है। इस तरह 'कर्म' आसक्ति और अनासक्ति के द्वंद्वात्मकता (the dialectic of detachment) में निहित है।
सामान्यत: मृत्यु भयभीत करने वाली घटना है, क्योंकि इसके बाद कुछ भी नहीं! मृत्यु से पूर्व का भय 'अपने' लोगों के भविष्य को लेकर भी होता है, हालांकि उसे देखने के लिए व्यक्ति उपस्थित नहीं होता। जबकि मृतक से गहरे जुड़े व्यक्तियों का भय और दु:ख उसकी अनुपस्थिति से उत्पन्न कमी के कारण होता है।
जीवन से लगाव इतना गहरा है (होना भी चाहिए कि मनुष्य मृत्यु के यथार्थ को सहज ढंग से नहीं ले पाता। सभ्यता के प्रारंभिक काल से इसे झुठलाने के लिए 'दर्शन' गढ़ता रहा है। यों यह तत्कालीन ज्ञान की सीमा जनित भी था। विभिन्न सभ्यताओं में मृत्यु के 'बाद' की सम्भावनाओं जनित कल्पनाएं उत्पन्न हुईं और तदनुरूप कर्मकांड विकसित हुए।
अमूमन सभी सभ्यताओं में 'आत्मा की अमरता' जैसी अवधारणा देखी जा सकती है। विकासमान ज्ञान प्रकृति के बहुत से अज्ञात पहलुओं को लगातार उजागर करते रहता है बावजूद इसके प्रकृति की व्यापकता के कारण ऐसा समय शायद कभी नहीं आएगा जब हम सब कुछ जान लें। यह 'जानने की सीमा' ही कई तरह के रहस्यवाद और भाववादी चिंतन का आधार (The basis of many types of mysticism and materialistic thinking) रहा है।
जीवन से लगाव की सार्थकता कैसे है?
इस बात से शायद ही कोई असहमत हो कि जीवन से लगाव की सार्थकता जीवन को भरपूर जीने में है। ज़िंदगी की लंबाई की अपेक्षा उसकी गहराई ज्यादा महत्वपूर्ण है। इसे फ़िल्म का नायक आनंद कहता भी है 'ज़िंदगी लंबी नहीं बड़ी होनी चाहिए'। अधिकांशत: ज़िंदगी को 'भरपूर' जीना चाहते भी हैं, मगर इस 'चाहने' को बहुत से कारक प्रभावित करते हैं। मसलन आर्थिक, पारिवारिक, शारीरिक आदि। व्यक्ति के सुखी जीवन के लिए मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति अपेक्षित होता है।
लोग दुखी क्यों रहते हैं? ओशो के दुख के बारे में विचार...
मगर एक दूसरा पहलू भी है। कुछ लोग बेवज़ह दुखी रहते हैं। ओशो के शब्दों में कहें तो 'दु:ख में भी एक अहंकार होता है'। महत्वाकांक्षी होना अच्छी बात है,नित नए उपलब्धि हासिल करने की सोचने में बुराई क्या है? मगर इसके लिए वर्तमान को तिलांजलि देकर; जो है उसकी खुशी न मनाकर, जो नहीं मिल सका है उसके लिए रात-दिन दु:खी रहना भी एक बीमारी है।
कहना न होगा कि कर्तव्यहीन भोगवाद एक दूसरी चीज है, जहां व्यक्ति अराजकतावाद में चला जाता है। यह सार्थक नहीं है।
भरपूर जीवन जीने का उदाहरण है आनंद
'आनंद' फ़िल्म का नायक आनंद (राजेश खन्ना) 'भरपूर जीवन जीने' का उदाहरण है। आनंद गंभीर बीमारी (कैंसर) से ग्रसित है और उसको मालूम है कि तीन माह से अधिक उसकी ज़िंदगी नहीं बची है,फिर भी वह जैसे मौत की हँसी उड़ाता है। मौत आएगी तब आएगी अभी से उसका ग़म क्या! ऐसे व्यक्तित्व विरले होते हैं। अपनी क्षुद्रताओं में घिरे हम सब स्वीकार नहीं पाते कि ज़िंदगी ऐसी ज़िन्दादिली से जी जा सकती है।
क्या आनंद को ज़िंदगी से प्रेम नहीं है?
/hastakshep-prod/media/post_attachments/VHDPHldrb0DXSDUngAGz.jpg)
मानवीय करुणा से लबरेज आनंद सबसे प्रेम करता है; सबको अपना बनाना चाहता है, दिलों को जोड़ने का काम करता है। इसका मतलब यह नहीं कि उसे ज़िंदगी से प्रेम नहीं है। वह जीना चाहता है मगर हालात ने उसे अवसर नहीं दिया, इसलिए वह यथार्थ को स्वीकारता है, और शेष ज़िंदगी को भरपूर जीता है। प्रथम दृष्टया ऐसा लग सकता है कि यदि उसकी ज़िंदगी लंबी होती तो क्या वह ऐसा जीता? कहीं यह मृत्यु के भय को छुपाने का उपक्रम तो नहीं है? निश्चित रूप से यदि ऐसा होता तो उसकी ज़िंदगी लंबे समय तक सहज नहीं रह पाती। उसके चरित्र की निर्दोषिता सहज है। ऐसा भी नहीं कि वह मानवीय कमजोरियों और दु:खों से परे है। फ़िल्म में इसके संकेत है। उसे अपना असफल प्रेम याद आता है।
बहरहाल फ़िल्म, आनंद के जिंदादिली और और उससे जुड़े लोगों के संवेदनशीलता, ख़ासकर डॉ बैनर्जी (अमिताभ बच्चन) के उदात्त चरित्र और सम्वेदना प्रभावित करती है। ज़ाहिर है ऐसी फिल्में निर्देशन, पटकथा, संवाद, अभिनय के समन्वित प्रयास से ही सम्भव होती हैं।
Babumoshai, zindagi badi honi chahiye Lambi Nahi