/hastakshep-prod/media/media_files/DFYIAjdTxpHOUUB5bArX.jpg)
Aaj Ki Taza Khabar: आज की टॉप टेन न्यूज़ क्या है? | today's top 10 news 📰
आज सुबह की टॉप 10 खबरें | Top 10 news of this morning | आज की दस बड़ी खबरें | आज की अन्य बड़ी खबरें
विश्व मौसम विज्ञान संगठन (WMO) के विशेषज्ञों ने कहा है कि मानव-जनित जलवायु परिवर्तन के परिणामस्वरूप चरम मौसम घटनाओं को बल मिल रहा है, जोकि अब नए सामान्य हालात बन गए हैं। विश्व के अनेक क्षेत्रों को अपनी चपेट में लेने वालीं ताप लहरें इसी चुनौती के प्रति आगाह करती हैं। यूएन एजेंसी की प्रवक्ता क्लेयर न्युलिस ने बताया कि इस सप्ताह फ़्राँस, जर्मनी, पोलैंड और स्विट्ज़रलैंड सहित पूरे योरोप में अनेक मौसम विभागों द्वारा अत्यधिक तापमान की चेतावनी जारी की गई है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने केन्द्रीय वस्तु और सेवा कर संशोधन विधेयक 2023 तथा एकीकृत वस्तु और सेवा कर विधेयक 2023 को कल मंजूरी दे दी। संसद ने हाल में ये दोनों विधेयक पारित किये थे।
मणिपुर में बीती 3 मई को हिंसा भडकने के बाद म्यांमा में आश्रय लेने वाले भारतीय नागरिकों को मणिपुर पुलिस, भारतीय सेना और असम राइफल्स सहित संयुक्त सुरक्षा बल सुरक्षित वापस ले आये हैं। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह ने सोशल मीडिया के जरिये भारतीय सेना और असम राइफल्स को भारतीय नागरिकों को म्यांमा से वापस लाने के उनके प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया है।
सरकार ने प्याज की बढ़ती कीमतों को नियंत्रित करने के लिए इसके निर्यात पर 40 प्रतिशत शुल्क लगा दिया है। यह तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह निर्यात शुल्क इस वर्ष 31 दिसम्बर तक प्रभावी रहेगा।
नीति आयोग की एक रिपोर्ट में दावा किया गया है कि गुजरात में 38 फीसदी आबादी कुपोषित है। कांग्रेस महासचिव व पार्टी के संचार प्रभारी जयराम रमेश ने एक ट्वीट में कहा : “देश को अक्सर जी2 (नरेंद्र मोदी और अमित शाह) द्वारा गुजरात मॉडल याद दिलाया जाता है, लेकिन इन्होंने जो देश को नहीं बताया, वह नीति आयोग की रिपोर्ट ने बता दिया। हाल ही में सामने आई रिपोर्ट में बताया गया है : गुजरात में 38 प्रतिशत से अधिक आबादी कुपोषित है। उन्होंने आगे लिखा, “लगभग आधा ग्रामीण गुजरात पोषण से वंचित है। अविकसित बच्चों के मामले में भारत चौथे स्थान पर है। कमजोर और कम वजन वाले बच्चों के मामले में भारत में गुजरात दूसरे स्थान पर है। इस राज्य की एक तिहाई से अधिक ग्रामीण आबादी आवास से वंचित है।”
खबर है कि लद्दाख क्षेत्र में कल सेना का एक ट्रक नदी में गिर गया। इस हादसे में सेना के कम से कम आठ जवानों की मौत होने, जबकि अन्य दो जवानों के घायल होने का समाचार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा कथित तौर पर लेह से 150 किलोमीटर दूर न्योमा इलाके के कियारी में शनिवार दोपहर को हुई। 10 सैनिकों को ले जा रहा सेना का एक ट्रक सड़क से फिसलकर नदी में गिर गया।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि हाल में आई बाढ़ और भूस्खलन की आपदा के कारण राज्य को 10 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है और इसे दोबारा बनाने में लगभग एक साल लगेगा।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक प्रवर्तन निदेशालय ने कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को समन जारी किया है। ईडी ने सोरेन को 24 अगस्त को अपनी जांच में शामिल होने के लिए कहा है।
पश्चिम केलोना शहर के आसपास के क्षेत्र में जंगल की आग फैलने से और अधिक घरों के नष्ट होने की आशंका के बाद कनाडा सरकार ने देश के पश्चिमी ब्रिटिश कोलंबिया क्षेत्र में आपात स्थिति घोषित कर दी है। पिछले 24 घंटों में मैकडॉगल क्रीक जंगल की आग 64 हेक्टेयर से बढ़कर 6,800 हेक्टेयर क्षेत्र में फैल गई है। इन क्षेत्रों से 4 हजार 8 सौ से अधिक लोगों को हटाने के आदेश दिए गए हैं।
भारत ने अजरबैजान के बाकू में अंतर्राष्ट्रीय शूटिंग स्पोर्ट फेडरेशन (आईएसएसएफ) विश्व चैम्पियनशिप में कल शानदार प्रदर्शन करते हुए महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल टीम प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता। मेहुली घोष ने महिलाओं की 10 मीटर एयर राइफल में कांस्य पदक जीता और इसके साथ ही भारत के लिए ओलंपिक कोटा स्थान का दावा किया।
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी