/hastakshep-prod/media/post_banners/gMEOv2k5UKFzgmo9zItg.jpg)
#breaking: अब तक की बड़ी ख़बरें | लेटेस्ट अपडेट 11 सितंबर 2023
सितंबर 2023 की अब तक की बड़ी खबरें
महाराष्ट्र कांग्रेस ने किया दावा, संसद के विशेष सत्र का असली उद्देश्य मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करना है
कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई ने दावा किया है कि संसद का आगामी विशेष सत्र 'देश को बांटने और मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने' के एजेंडे के साथ बुलाया गया है।
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा कि 18-22 सितंबर के सत्र के लिए अब तक कोई एजेंडा घोषित नहीं किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार ने विपक्ष और संसदीय मामलों की समिति सहित किसी से भी पूछे बिना यह सत्र बुलाया है। उन्होंने सवाल किया, ''कोविड-19 संकट, नोटबंदी, मणिपुर हिंसा के दौरान ऐसा कोई विशेष सत्र नहीं बुलाया गया, तो अब क्यों?''
नाना पटोले ने यह भी आरोप लगाया कि संसद के विशेष सत्र का उद्देश्य "देश को विभाजित करना और मुंबई को महाराष्ट्र से अलग करने और इसे केंद्र शासित प्रदेश घोषित करने की मोदी सरकार की योजनाओं को आगे बढ़ाना है"।
‘एडिटर्स गिल्ड' के सदस्यों को सुप्रीम कोर्ट से मिली राहत
मणिपुर सरकार की ओर से एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया (EGI) के सदस्यों के खिलाफ दर्ज शिकायत पर 11 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के अध्यक्ष व तीन सदस्यों को राहत देते हुए इनकी गिरफ्तारी पर आगामी 15 सितंबर तक रोक लगा दी है। पहले यह रोक 11 सितंबर तक थी। शीर्ष अदालत ने आज सुनवाई होने पर कहा कि मणिपुर पुलिस एडिटर्स गिल्ड ऑफ इंडिया के चार सदस्यों के खिलाफ दर्ज दो एफआईआर पर कोई भी कठोर कदम न उठाए। प्रधान न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली पीठ ने इस मामले पर सुनवाई की। बता दें कि एडिटर्स गिल्ड ने बीती 6 सितंबर को सुप्रीम कोर्ट से दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा की मांग करते हुए याचिका दायर की थी। अब अगली सुनवाई 15 सितंबर को होगी।
जी20 खत्म होने के बाद खड़गे ने प्रधानमंत्री को बेरोजगारी, मणिपुर की याद दिलाई
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार को लोगों के वास्तविक मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करने की याद दिलाई और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी "सच्चाई छिपाने" के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं, लेकिन जनता बिना विचलित हुये सच जानना चाहती है।
खड़गे ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा: “अब जब जी-20 की बैठक ख़त्म हो गई है, मोदी सरकार को घरेलु मुद्दों पर अपना ध्यान आकर्षित करना चाहिए।''
अब जब G-20 की बैठक ख़त्म हो गई है, मोदी सरकार को घरेलु मुद्दों पर अपना ध्यान आकर्षित करना चाहिए।
— Mallikarjun Kharge (@kharge) September 11, 2023
🔹महँगाई : अगस्त में एक आम खाने की थाली का दाम 24% बढ़ गया है।
🔹बेरोज़गारी: देश में बेरोज़गारी दर 8% है। युवाओं का भविष्य अंधकारमय है।
🔹घोटाले: मोदी सरकार के कुशासन में…
सऊदी क्राउन प्रिंस के साथ मोदी ने द्विपक्षीय मुद्दों पर की बातचीत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सऊदी अरब के दौरे पर आए क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने आज भारत-सऊदी अरब रणनीतिक साझेदारी परिषद के नेताओं की पहली बैठक की।
एक बार फिर उत्तराखंड में मानसूनी बारिश का दौर, येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तराखंड में एक बार फिर मानसूनी बारिश का दौर जारी है। मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक फिलहाल बारिश से राहत के आसार नहीं है। प्रदेश में अगले 72 घंटे भारी बारिश को लेकर येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पहली बार निफ्टी 20 हजार के पार पहुंचा
आखिरकार दूसरे प्रयास में निफ्टी बहुप्रतीक्षित 20,000 अंक को छूने में कामयाब रहा। इससे पहले जुलाई में भी निफ्टी ने 20,000 के पार जाने की कोशिश की थी। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के एमडी और सीईओ धीरज रेली के हवाले से मीडिया रिपोर्ट्स में ये जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय निवेशकों के मजबूत प्रवाह ने निफ्टी को यह उपलब्धि हासिल करने में मदद की है।
रूस रवाना हुए सर्बानंद सोनोवाल
केंद्रीय पत्तन,पोत परिवहन एवं जलमार्ग और आयुष मंत्री, सर्बानंद सोनोवाल पूर्वी आर्थिक मंच में भारत का प्रतिनिधित्व करने हेतु रूस के लिए रवाना हुए, जो रूसी बंदरगाह शहर व्लादिवोस्तोक में आयोजित किया जा रहा है। केंद्रीय मंत्री, रूसी सुदूर पूर्व और आर्कटिक के विकास मंत्री एलेक्सी चेकुनकोव तथा रूस के परिवहन मंत्री विटाली सेवलीव के साथ-साथ अन्य लोगों से भी मुलाकात करेंगे। जिसका उद्देश्य मजबूत संबंधों को बनाए रखने और विभिन्न क्षेत्रों में रणनीतिक, व्यापार और लॉजिस्टिकल सहयोग को प्रोत्साहन देना है।
वर्ष 2022 के शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कार के लिए 12 वैज्ञानिक चयनित
दो साल के अंतराल के बाद आज देश के शीर्ष वार्षिक विज्ञान पुरस्कार, शांति स्वरूप भटनागर पुरस्कारों की घोषणा की गई है। इस वर्ष 12 वैज्ञानिकों को सात श्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। सीएसआईआर के महानिदेशक डॉ. एन. कलैसेल्वी ने केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की उपस्थिति में वर्ष 2022 के पुरस्कारों की घोषणा की। सीएसआईआर के पहले निदेशक शांति स्वरूप भटनागर के नाम पर, ये पुरस्कार विज्ञान के सात विषयों - भौतिकी, जीव विज्ञान, अभियांत्रिकी, गणित, चिकित्सा, रसायन विज्ञान और पृथ्वी विज्ञान में दिए जाते हैं।
2400 के पार हुई मोरक्को में भूकंप से मरने वालों की संख्या
मोरक्को में भूकंप से मरने वालों की संख्या 2400 से अधिक हो गई है। मोरक्को के गृह मंत्रालय के मुताबिक 2497 लोगों की मृत्यु हो गई है और 2476 लोग घायल हो गये हैं। सैनिक और सहायककर्मी एटलस पर्वतीय क्षेत्र के सुदूर इलाकों में पहुंच रहे हैं। ऐसी आशंका है कि ये इलाके पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गये हैं। मोरक्को में पिछले शुक्रवार को 6.8 तीव्रता का भूकंप आया था। संयुक्त राष्ट्र ने इससे तीन लाख लोगों के प्रभावित होने का अनुमान लगाया है।
News headlines in Hindi for school assembly | ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी | आज की बड़ी खबरें