/hastakshep-prod/media/post_banners/gMEOv2k5UKFzgmo9zItg.jpg)
29 अगस्त 2023 की अब तक की बड़ी खबरें
मुजफ्फरनगर में एक शिक्षक के कहने पर एक छात्र की उसके सहपाठियों द्वारा पिटाई करने के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने उत्तर प्रदेश सरकार को नोटिस जारी किया है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की प्रशंसा करने के कुछ घंटों बाद बसपा अध्यक्ष मायावती ने पार्टी नेता इमरान मसूद को 'पार्टी विरोधी' गतिविधियों का हवाला देते हुए निष्कासित कर दिया।
कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के 100 दिन पूरे होने पर मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उनके उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने आज मैसूर में 'नाद देवता' (राज्य देवी) चामुंडेश्वरी की विशेष पूजा की।
सिखों के प्रमुख तीर्थ स्थल विश्व प्रसिद्ध हेमकुंड साहिब के कपाट बंद करने की तिथि घोषित कर दी गई है। आगामी 11 अक्टूबर को दोपहर एक बजे हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे।
भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों को लेकर कांग्रेस और भाजपा में श्रेय लेने की मची होड़ के बीच भाजपा आईटी सेल के हेड अमित मालवीय ने एक बार फिर से कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि जवाहर लाल नेहरू का भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में कोई योगदान नहीं था बल्कि उन्होंने तो इसके लिए फंड तक नहीं दिया था।
असम में बारिश के कारण फिर आई बाढ़ से 17 जिलों के 1.90 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं। श्री मोदी ने मेजर ध्यानचंद को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने कई स्थायी संसदीय समितियों का पुनर्गठन किया है। इनमें से गृह विभाग से जुड़ी स्थायी समिति में पूर्व गृहमंत्री और कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पी. चिदंबरम को शामिल किया गया है।
बीएस 6 स्टेज-II का दुनिया का पहला प्रोटोटाइप 'इलेक्ट्रिफाइड फ्लेक्स फ्यूल व्हीकल' का आज शुभारंभ किया गया। ऊर्जा और ऑटोमोबाइल उद्योग में फ्लेक्स ईंधन वाले वाहन की प्रौद्योगिकियों की क्षमता पर प्रकाश डालते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस तथा आवासन और शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह वाहन प्रौद्योगिकियां, पेट्रोल के बदले इथेनॉल के प्रयोग का अधिक अवसर प्रदान करती हैं, क्योंकि यह इथेनॉल का 20 प्रतिशत से अधिक उच्च मिश्रण का उपयोग करने में सक्षम है।
इंडोनेशिया में बाली के समुद्री क्षेत्र में आज सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। यूरोपीय-भूमध्यसागरीय भूकंप केंद्र के अनुसार भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 7 मापी गई है। खबरों के मुताबिक भूकंप का केंद्र इंडोनेशिया में मातराम के 203 किलोमीटर उत्तर में 516 किलोमीटर की गहराई पर स्थित था।
भारत ने भारत के क्षेत्र पर दावा करने वाले चीन के तथाकथित 2023 मानक मानचित्र पर चीनी पक्ष के साथ राजनयिक चैनलों के माध्यम से कड़ा विरोध दर्ज कराया। मीडिया के सवालों के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने कहा, भारत इन दावों को खारिज करता है क्योंकि इनका कोई आधार नहीं है। उन्होंने कहा, चीनी पक्ष के ऐसे कदम केवल सीमा प्रश्न के समाधान को जटिल बनाते हैं।
News headlines in Hindi for school assembly | ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी | आज की बड़ी खबरें