उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री से मिलने की इच्छा व्यक्त करना भी अपराध- संयुक्त युवा मोर्चा
प्रयागराज में गिरफ्तार युवा नेताओं की अतिशीघ्र हो रिहाई
लखनऊ, 30 अक्टूबर 2023, संयुक्त युवा मोर्चा की केंद्रीय टीम के सदस्य राजेश सचान और युवा मंच अध्यक्ष अनिल सिंह को प्रयागराज पुलिस ने महज इसलिए गिरफ्तार कर लिया है क्योंकि संयुक्त युवा मोर्चा ने 27 अक्टूबर को मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश को ईमेल भेजकर मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के 30 अक्टूबर के प्रयागराज आगमन पर युवाओं के रोजगार के मुद्दे पर मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय की मांग की थी।
यह जानकारी देते हुए संयुक्त युवा मोर्चा के नेता गौरव सिंह ने एक विज्ञप्ति में बताया कि उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री से प्रतिनिधि मंडल के माध्यम से मिलने की इच्छा व्यक्त करना भी अपराध हो गया है। आज 30 अक्टूबर रात्रि 3:30 पर राजेश सचान को पुलिस उनके आवास से ले जाकर जार्ज टाउन थाने में रखे हुई है।
ज्ञातव्य है कि संयुक्त युवा मोर्चा और नागरिक समाज के लोग पुलिस की इस कार्यवाही का विरोध कर रहे हैं। गौरव सिंह ने प्रयागराज पुलिस से आग्रह किया है कि राजेश सचान और अनिल सिंह को तत्काल रिहा करें क्योंकि संयुक्त युवा मोर्चा का कोई भी कार्यक्रम मुख्यमंत्री के प्रयागराज आगमन पर नहीं है।