Advertisment

बंगाल में जान फूँकेंगे राहुल

author-image
hastakshep
24 Mar 2014
New Update
बंगाल में जान फूँकेंगे राहुल

Advertisment

कोलकाता। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के कोलकाता दौरे को लेकर सत्तारुढ़ तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस में घमासान मचा हुआ है। राज्य सरकार के रवैए के चलते यह दौरा ही खटाई में पड़ गया था। लेकिन अब सेना की ओर से अनुमति मिलने की वजह से 25 मार्च को यहाँ महानगर के शहीद मीनार मैदान में होने वाली राहुल की सभा का रास्ता साफ हो गया है। बावजूद इसके दोनों राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर अभी खत्म नहीं हुआ है। लोकसभा चुनावों के एलान के बाद किसी भी पार्टी की ओर से किसी स्टार प्रचारक का यह राज्य का पहला दौरा होगा।

Advertisment

प्रदेश कांग्रेस पहले पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं की इस सभा का आयोजन नेताजी इंडोर स्टेडियम में करना चाहती थी। उसके बाद उसने पार्क सर्कस मैदान को चुना था। लेकिन सरकार ने इन दोनों जगहों पर सभा की अनुमति नहीं दी। पहले तो कह दिया गया कि स्टेडियम 24 मार्च से दो अप्रैल तक बुक है। पार्क सर्कस मैदान में सभा की अनुमति के लिये कांग्रेस ने दो-दो आवेदन पत्र भेजे थे। लेकिन कोलकाता नगर निगम उस पर चुप्पी साध गया। बाद में उसने दलील दी कि सरकारी पार्क में चुनावी सभा करने की अनुमति नहीं दी जा सकती। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और रेल राज्य मंत्री अधीर चौधरी कहते हैं, ‘तृणमूल कांग्रेस खुद तो रोजाना सरकारी इमारतों में चुनावी गतिविधियां चला रही है और हमारे लिये यह बहाना गढ़ दिया है।’

Advertisment

दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस नेताओं या ममता सरकार ने इस मुद्दे पर कोई टिप्पणी नहीं की है। नगर निगम के सूत्रों का कहना है कि पार्क सर्कस मैदान के पास कई स्कूल हैं। राज्य में 12वीं की परीक्षाएं चल रही हैं। ऐसे में वहाँ माइक लगा कर राजनीतिक सभा करने की अनुमति कैसे दी जा सकती है।

Advertisment

सरकार के इंकार से दुखी कांग्रेसियों ने आखिर कोलकाता पुलिस, चुनाव आयोग और सेना से शहीद मीनार मैदान में सभा करने की अनुमति माँगी। वह मैदान सेना के नियंत्रण में है। इसलिये वहाँ होने वाले किसी भी कार्यक्रम के लिये उसकी हरी झंडी जरूरी है। सेना ने आवेदन के कुछ घंटे की भीतर ही इसकी अनुमति दे दी। उसी आधार पर पुलिस ने भी सभा की इजाजत दे दी है। चौधरी का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस सरकार अपने अधिकारों को दुरुपयोग कर राहुल को बंगाल आने से रोकने का प्रयास कर रही है। सेना ने बाद में इस सभा के लिये अनुमति दे दी।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रदीप भट्टाचार्य ने बताया कि राहुल यहाँ नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक के बाद उसी दिन उत्तर बंगाल के जलपाईगुड़ी जिले में स्थित अलीपुरदुआर में भी एक सभा करेंगे। बड़े नेताओं में चुनाव लड़ने के प्रति अनिच्छा, तृणमूल कांग्रेस से नाता टूटने और दूसरी कई वजहों से हताश पड़ी कांग्रेस में राहुल के दौरे से एक नया उत्साह पैदा होने की उम्मीद है। पिछले लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को छह सीटें मिली थीं। लेकिन अबकी इनको बचाए रखना ही उसके लिये कठिन चुनौती है। ऐसे में कांग्रेसियों की उम्मीदें राहुल के इस दौरे पर टिकी हैं।

Advertisment

रीता तिवारी

Advertisment

जनादेश /इलेक्ट लाइन

Advertisment

Advertisment
सदस्यता लें