इंदिरा आवास में रहने वालों के लिए रमन सिंह की आपत्तिजनक टिप्पणी, कांग्रेस ने जताया ऐतराज

author-image
hastakshep
12 Jul 2018
इंदिरा आवास में रहने वालों के लिए रमन सिंह की आपत्तिजनक टिप्पणी, कांग्रेस ने जताया ऐतराज

इंदिरा आवास में रहने वालों के लिए रमन सिंह की आपत्तिजनक टिप्पणी, कांग्रेस ने जताया ऐतराज

नेन्द्र साहू ने कहा कि रमन सिंह जी को हो गया है घमंड

गरीबों के बारे में ऐसा कहकर उनमें स्वाभिमान को कर रहे हैं आहत

रायपुर/12 जुलाई (2018)। प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू ने कहा है कि मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह द्वारा अपने ही गृह जिला कवर्धा में पहुंचकर बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की गयी है कि इंदिरा आवास में सुअर भी नहीं रहना चाहते।

श्री साहू ने कहा कि इंदिरा आवास योजना के तहत सैकड़ों गरीबों एवं देश के करोड़ों लोगों को अपना आवास मिला, जिसमें उन्होने आत्म सम्मान और स्वाभिमान के साथ अपना जीवन बिताया। इंदिरा आवास में रहने वाले लोगों के लिये छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह जी के द्वारा की गयी टिप्पणी बेहद आपत्तिजनक है।

उन्होंने कहा कि रमन सिंह इतने अधिक अहंकार से भर गए हैं कि गरीबों के लिये बनाये गये आवासों को ‘‘सूअरों के रहने लायक भी नहीं’’ कह रहे हैं। यह कह कर रमन सिंह ने देश के करोड़ों गरीबों का अपमान किया है। रमन सिंह यह न भूलें कि अपने गृह जिला कवर्धा एवं निर्वाचन क्षेत्र में गरीबों का घोर अपमान कर रहे है। यह निंदनीय है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि रमन सिंह के ऐसे बोल मुख्यमंत्री के पद की गरिमा और प्रतिष्ठा के विपरीत हैं।

प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष धनेन्द्र साहू ने मांग की है कि रमन सिंह में यदि जरा भी इंसानियत है तो अपने इस बयान को वापस लेकर इंदिरा आवासों में रहने वाले देश की गरीब जनता से माफी मांगें।

विगत चुनावों में बड़े पैमाने पर धांधली करके सत्ता एवं धनबल का दुरूपयोग करते हुए तथा जनता से झूठे वादे और गुमराह करके हासिल की गयी जीत के घमंड में भाजपा चूर है। भाजपा नेताओं और मुख्यमंत्री रमन सिंह द्वारा इसी अभिमान के चलते कांग्रेस पार्टी के बारे में अर्नगल प्रलाप रमन सिंह सहित भाजपा नेताओं के द्वारा लगातार किया जा रहा है। प्रदेश की जनता ने कभी भी कार्यो के कारण भाजपा को दुबारा सरकार बनाने का मौका नहीं दिया। इस बार इनके झूठे वादों और झूठे बातों में आकर गुमराह होकर मोदी की सरकार बना दी जिससे इन्हें इतना घमंड हो गया है कि देश में कांग्रेस मुक्त भारत बनाने की बात करने लगे हैं।

श्री साहू ने कहा कि कांग्रेस लोगों के दिलों में बसी है जो कभी भी समाप्त नहीं हो सकती। भारत देश के सैकड़ों-करोड़ों लोगों के दिल और दिमाग पर कांग्रेस बसी है। गांधी-नेहरू की कांग्रेस को समाप्त करने का दिवास्वप्न देखने वाले खुद समाप्त हो जायेंगे पर कांग्रेस कभी समाप्त नहीं हो सकती। इस तरह मुख्यमंत्री रमन सिंह घमंड की भाषा का उपयोग न करें तो बेहतर होगा। मुख्यमंत्री पद की प्रतिष्ठा के अनुरूप बात करना चाहिये। आगामी चुनाव में जनता खुद रमन सिंह जी और उनकी सरकार उखाड़ फेकेंगी।

Subscribe