नई दिल्ली, 30 नवंबर 2020. सेनेगल के महान फुटबाल खिलाड़ी पापा बाउबा डिओप (Senegal legend Papa Bouba Diop) का 42 साल की उम्र में निधन हो गया। डिओप ने अपने देश के लिए 63 मैच खेले हैं। उन्होंने फीफा विश्व कप-2002 (FIFA World Cup-2002) में टीम के पहले मैच में टीम की ऐतिहासिक जीत में गोल कर टीम को फ्रांस के खिलाफ 1-0 से जीत दिलाई थी।
फीफा ने रविवार शाम को अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इस बात की पुष्टि की।
फीफा ने ट्वीट में लिखा,
"सेनेगल के महान खिलाड़ी बाउबा डिओप के निधन की खबर सुनकर दुखी हैं। एक बार विश्व कप में बना हीरो हमेशा हीरो रहता है।"
इसी ट्विटर थ्रेड में फीफा ने कहा,
"डिओप ने कई उपलब्धियां हासिल कीं। वह 2002 विश्व कप में पहला गोल करने के लिए याद किए जाएंगे। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।"
सेनेगल के राष्ट्रपति मैक्की साल (Senegal President MacKy Sall) ने ट्वीट किया,
"पापा बाउबा डिओप के निधन सेनेगल का बहुत बड़ा नुकसान है।"
उन्होंने लिखा,
"मैं महान फुटबाल खिलाड़ी को श्रद्धांजलि देता हूं। उनकी प्रतिभा के कारण सभी लोग उनका सम्मान करते थे। उन्हें 2002 में किए गए उनके प्रदर्शन के लिए याद किया जाता है। मैं उनके परिवार और फुटबाल जगत के साथ संवेदना व्यक्त करता हूं।"