/hastakshep-prod/media/post_banners/45xAbsNG4esQCbHPeI3y.jpg)
/filters:quality(1)/hastakshep-prod/media/post_banners/45xAbsNG4esQCbHPeI3y.jpg)
Shivpal's target on Akhilesh with Eid Mubarak, said, 'I taught him to walk and he went on trampling us'
लखनऊ, 3 मई 2022. उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के नतीजे (Result of Uttar Pradesh Assembly Election 2022) आने के बाद से प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (प्रसपा) के अध्यक्ष और समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव के चाचा शिवपाल सिंह यादव अपने भतीजे से नाराज चल रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने ईद के दिन भी अखिलेश पर वार जारी रखा।
अब अखिलेश पर निशाना साधते हुए शिवपाल सिंह यादव ने एक ट्वीट किया है, जिसमें उन्होंने अपना दर्द बयां किया है। उन्होंने कहा कि हमने उसे चलना सिखाया और वो हमें रौंदते चला गया।
शिवपाल यादव ने क्या लिखा?
अपने ट्वीट में शिवपाल यादव ने लिखा, 'अपने सम्मान के न्यूनतम बिंदु पर जाकर मैंने उसे संतुष्ट करने का प्रयास किया। इसके बावजूद भी अगर नाराज हूं तो किस स्तर तक उसने हृदय को चोट दी होगी। हमने उसे चलना सिखाया। और वो हमें रौंदते चला गया। एक बार पुन: पुनर्गठन,आत्मविश्वास व सबके सहयोग की अप्रतिम शक्ति से ईद की मुबारकबाद।'
गौरतलब है कि यूपी चुनाव परिणाम आने के बाद से ही चाचा और भतीजे के बीच तल्खी बढ़ती ही जा रही है। दोनों के बीच जुबानी जंग का सिलसिला जारी है। विधायकों की बैठक में न बुलाए जाने से नाराज शिवपाल यादव ने बगावत का झंडा बुलंद कर लिया है तो अखिलेश उन्हें जल्द चले जाने को कह रहे हैं। अटकलें हैं कि शिवपाल यादव आजम खान के साथ मिलकर कोई नया मोर्चा बना सकते हैं। इसका एक संकेत कल शिवपाल ने अपने एक ट्वीट के जरिए दिया।